जींद में मिलावटी घी की फैक्टरी की जांच करने पहुंचे पुलिसकर्मी।
- फोटो : Jind
जींद। पुलिस ने नई अनाज मंडी के पास मिलावटी घी की फैक्टरी पकड़ी है। यहां प्रतिदिन करीब 15 क्विंटल मिलावटी घी तैयार का नामी कंपनियों पैकिंग में भरकर 250 से 300 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से दिल्ली व हरियाणा के शहरों में भेजा जाता था। मौके से 952 लीटर घी बरामद हुआ है। सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं।
एसपी नरेंद्र बिजरानिया ने बताया कि पुलिस के डिटेक्टिव स्टाफ का सूचना मिली थी कि यहां मिलावटी घी तैयार किया जा रहा है। इस पर पुलिस ने वीरवार रात को यहां दबिश दी। यहां काफी मात्रा में सामान मिलने के कारण रातभर व शुक्रवार दिनभर जांच की गई। इसमें पता चला कि मिलावटी घी रिफाइंड व वनस्पति घी को मिलाकर तैयार किया जाता था। फैक्टरी में वीटा, हरियाणा दीप, हरियाणा उत्सव, नक्श डेयरी, कन्हैया डेयरी, हरियाणा डेयरी सुपर की पैकिंग में घी डाला गया था। पुलिस ने जींद निवासी आशु व रोशन व उनके मजदूर उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी शैलेश व मध्य प्रदेश के दतिया निवासी विरेंद्र को काबू कर लिया है। इनके सहित कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।