जींद। जुलाना की नई अनाज मंडी में आढ़ती प्रदीप कुमार से धान खरीदकर चार करोड़ रुपये की राशि हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आढ़ती प्रदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी फर्म एमएसएमई से पंजीकृत है और फसलों की खरीद-फरोख्त का कारोबार होता है। शिकायत के अनुसार, 2 जनवरी 2024 को अमित मोर और सुरेंद्र मोर उनकी दुकान पर आए और खुद को निसिंग (करनाल) स्थित मैसर्ज बीएवी राइस मिल का संचालक बताया। दोनों ने उनकी फर्म से धान खरीदने की इच्छा जताई।
सहमति बनने के बाद 23 जनवरी 2024 से धान की सप्लाई शुरू कर दी गई। शुरुआत में आरोपियों ने खरीदी गई धान की राशि का भुगतान समय पर किया जिससे उन पर विश्वास बन गया। बाद में उन्होंने लगातार धान भेजने को कहा और आश्वासन दिया कि चार-पांच महीने में पूरा भुगतान एकमुश्त कर दिया जाएगा।
आरोप है कि इसी दौरान चार करोड़ रुपये की राशि बकाया हो गई। जब भुगतान मांगा गया तो आरोपी टालमटोल करते रहे। बाद में उन्होंने पैसे देने से इन्कार कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी।