शहर के भिवानी रोड बाईपास पर सड़क पार करते समय यूकेजी छात्रा की ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई। बच्ची अपनी दादी के साथ पैदल ही घर की तरफ आ रही थी, इसी दौरान ट्रक की चपेट में आ गई। इसमें बच्ची की दादी बाल-बाल बच गई। हादसा होने की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, शर्मा नगर निवासी प्रवेश की बेटी चार वर्षीय लड़की कशिश गांव घिमाना निजी स्कूल में यूकेजी की छात्रा थी। सोमवार दोपहर को भिवानी रोड बाईपास पर स्कूल बस से उतर कर अपनी दादी दर्शना के साथ सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने कशिश को चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी दादी दर्शना बाल-बाल बच गई। गंभीर हालात में कशिश को सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहर थाना पुलिस ने मृतक बालिका के पिता प्रवेश की शिकायत पर फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।