पांच दिन बाद जिले में शनिवार को फिर से कोरोना संक्रमण का एक मामला सामने आया है। इससे पहले 22 अगस्त को एक साथ दो संक्रमण के मामले सामने आए थे। जिले में एक्टिव केसों की संख्या दो से बढ़कर तीन हो गई है।
कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि शनिवार को स्वास्थ्य विभाग को 1360 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट मिली। इनमें से एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक जिले के 21198 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 20659 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 536 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जिले में इस समय तीन एक्टिव केस बचे हैं। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि लोगों को लगातार सावधानी बरतनी होगी। इसके अलावा जिन लोगों को बुखार, खांसी, गला खराब तथा कोई अन्य परेशानी हो, उसे तुरंत नागरिक अस्पताल में आकर अपनी कोरोना जांच करवानी चाहिए।