अकालगढ़ गांव के खेतों में आग बुझाने का प्रयास करते ग्रामीण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के जींद के जुलाना क्षेत्र के गांव अकालगढ़ के खेतों में अज्ञात कारणों के चलते बुधवार दोपहर बाद आग लग गई। इस घटना में 80 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल और 30 एकड़ में गेहूं के फाने जल गए। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लिया गया लेकिन आग की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह 110 एकड़ में फैल गई। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी तथा ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों की मदद से आग पर काबू पाया।
गांव अकालगढ़ निवासी रामफल को किसी ने सूचना दी कि उसके खेतों से धुआं उठ रहा है। सूचना मिलते ही रामफल अन्य लोगों को साथ लेकर खेत में पहुंचा तो देखा कि उसके खेत में फसल धूं-धूं कर जल रही थी। उसने तुरंत दमकल और पुलिस को सूचना दी।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और रामफल के अलावा जीता, पाला, रामभज व लीला के खेतों में भी फैल गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी व ग्रामीणों ने आग पर ट्रैक्टर चलाकर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की है।
जेल की जमीन पर एक एकड़ में खड़ी गेहूं राख
जिला जेल की जमीन में खड़ी एक एकड़ में गेहूं की फसल अज्ञात कारणों के चलते बुधवार को जल गई। इस जमीन पर जेल प्रशासन खेती करता है। यहां पर एक एकड़ में गेहूं की फसल बोई गई थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जेल की दीवार काफी ऊंची होने के कारण अंदर की तरफ आग नहीं जा पाई, नहीं तो काफी नुकसान हो सकता था।