गाड़ी से मिले खराब पनीर और लड्डूओं को नष्ट करवातीं डॉ. हर्ष कुमारी। संवाद
- फोटो : Jind
सफीदों पुलिस ने वीरवार रात को हिसार से पानीपत ले जाया जा रहा 250 किलोग्राम खराब पनीर पकड़ा गया है। इसके अलावा गाड़ी से 10 किलोग्राम मोतीचूर के लड्डू भी मिले हैं। दोनों में कीड़े पड़े हुए थे। सूचना पाकर फूड एंड सेफ्टी अधिकारी डॉ. हर्ष कुमारी मौके पर पहुंचीं और पनीर व लड्डुओं के सैंपल लिए। इसके बाद दोनों को मिट्टी में दबा दिया गया। वहीं शुक्रवार को सफीदों के बाजारों में छह दुकानों से भी सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।
वीरवार रात को 10 बजे सफीदों पुलिस ने एक गाड़ी को रुकवाया तो उसमें पनीर भरा हुआ था। इसके बाद इसकी सूचना फूड एंड सेफ्टी अधिकारी डॉ. हर्ष कुमारी को दी गई। डॉ. हर्ष मौके पर पहुंचीं और पनीर की जांच की तो उसमें कीड़े टहलते मिले। पनीर का वजन 250 किलोग्राम था। इसके अलावा गाड़ी में 10 किलोग्राम मोतीचूर के लड्डू भी मिले, जो बिल्कुल खराब थे। दोनों के सैंपल लेने के बाद फूड एंड सेफ्टी अधिकारी ने जमीन में दबवा दिए। इसके बाद शुक्रवार सुबह डॉ. हर्ष कुमारी ने सफीदों के बाजार का रुख किया और छह दुकानों से मिठाई के सैंपल लिए। टीम के आने की खबर लगते ही दुकानदार दुकानें बंद कर उधर-उधर हो लिए। डॉ. कुमारी ने बताया कि विभाग का प्रयास है कि लोगों को बिना मिलावट शुद्ध खाद्य पदार्थ प्राप्त हो इसके लिए कार्रवाई की जा रही है।