विजेता पहलवान सोनू व रजत अखाड़े में पहुंचने पर अपने गुरुओं और साथी पहलवानों के साथ।
- फोटो : Bahadurgarh
फरीदाबाद में हुई हरियाणा राज्य कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले लाला दीवानचंद कुश्ती एवं योग केंद्र के पहलवानों का अखाड़े में पहुंचने पर अभिनंदन किया गया।
मातन निवासी सोनू दलाल ने अपने प्रतिद्वंदी पहलवान को हराकर स्वर्ण पदक जीता जबकि गांव रोहद के रजत रूहिल ने रजत पदक अपने नाम किया। कोच आर्य वीरेंद्र ने बताया कि 27 व 28 अगस्त को खेलों हरियाणा राज्य कुश्ती प्रतियोगिता फरीदाबाद में हुई। इसमें लाला दीवानचंद कुश्ती एवं योग केंद्र के पहलवान सोनू दलाल पुत्र भगत सिंह ने 86 किलोग्राम फ्री स्टाइल में स्वर्ण पदक जीता और रोहद के पहलवान रजत रूहिल ने 97 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीता। दोनों पहलवानों की जीत पर अखाड़े में प्रशिक्षण लेने वाले पहलवानों में खुशी दौड़ गई। उन्होंने बताया कि इन खेलों में कुश्ती चैंपियनशिप झज्जर जिले के नाम रही। विजेता पहलवानों सोनू रजत को अखाड़े में पहुंचने पर उनके गुरू कोच आर्य वीरेंद्र, कोच राकेश अहलावत, कोच बिजेंद्र व कोच विक्की ने आशीर्वाद दिया। सुनील रूहिल, लक्ष्मण गिरावड़, प्रहलाद महराणा, विकास शेरिया, अमित छपार व अखाड़े के सभी पहलवानों ने फूल मालाओं से विजेताओं का अभिनंदन किया।