पानी की किल्लत से परेशान देवनगर की गली नंबर-5 के निवासी। संवाद
- फोटो : Bahadurgarh
शहर के देवनगर की गली नंबर-5 में रहने वाले लोगों को इन दिनों पानी की समस्या तो दो-चार होना पड़ रहा है। उनके घरों में चार दिन से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके घरों मे पानी की आपूर्ति जल्द नहीं की गई तो वे बहादुरगढ़-झज्जर मार्ग को जाम कर देंगेे।
स्थानीय निवासी मिंटू पहलवान, हवा सिंह, कुलबीर सिंह, राजकुमार, संजय, धर्मपाल, सोनू, बबली, गीता, सतवंती, संतोष का कहना है कि 4 दिन से उनकी गली में जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से पानी की सप्लाई नहीं की जा रही। घरों में लगी पानी की टंकियां खाली हो चुकी हैं। पानी नहीं होने की वजह से रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। भीषण गर्मी में उन्हें पानी दूर से भरकर लाना पड़ता है। लोग पीने के लिए भी पानी खरीदने को मजबूर हैं। वे पिछले लंबे समय से विभाग के अधिकारियों से हर रोज निर्धारित समय पर पानी उपलब्ध करवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन यहां जलापूर्ति का कोई निर्धारित समय नहीं है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि अधिकारी उनका फोन तक नहीं उठाते और ना ही जलापूर्ति का समय बताया जाता है। लोगों ने विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी कॉलोनी में पीने के पानी की आपूर्ति ठीक ढंग से नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होंगे और बहादुरगढ़-झज्जर मार्ग जाम कर देंगेे।
शहर में झज्जर रोड स्थित कॉलोनी देवनगर की गली नंबर-5 में पानी आपूर्ति वीरवार को बहाल हो गई। डेढ़ घंटा पानी चलाया गया। जिस तकनीकी खराबी की वजह से दिक्कत आ रही थी, वह दूर हो गई है। अब आपूर्ति सुचारू रहेगी। संदीप दुहन, एसडीई, पीएचईडी।