रातभर कोहरे की चादर से ढका रहा पूरा शहर
चार दिन तक अच्छी धूप का आनंद देने के बाद मंगलवार को फिर ठंड का अहसास होने लगा
कोहरे के कारण वाहन रेंगते रहे, चालकों को परेशानी का करना पड़ा सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। शहर में चार दिन तक अच्छी धूप का आनंद देने के बाद मंगलवार को लोगों को फिर ठंड का अहसास होने लगा। पूरा इलाका रातभर कोहरे की चादर से ढका रहा। मौसम में बदलाव को पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी का कारण माना जा रहा है। बुधवार दोपहर तक मौसम साफ रहने का अनुमान है।
सोमवार-मंगलवार की रात और सुबह करीब 10 बजे तक इलाके में घन कोहरा छाया रहा। इससे वाहन रेंगते रहे। इस वजह से चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर से बाहर खुले क्षेत्रों में सोमवार रात 9 बजे से सुबह सात बजे तक दृश्यता चार से छह मीटर तक ही रह गई थी। गाड़ियों हेडलाइट ऑन रखने के बावजूद चालकों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। कोहरे की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार रात को तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस तक रहा। चार दिन के बाद ठंड होने से लोगों को फिर अधिक गर्म कपड़ों और घरों व दफ्तरों में सर्दी से बचने के लिए हीटर आदि दूसरे उपकरणों का सहारा लेना पड़ा।
मौसम का पूर्वानुमान बताने वाली वेबसाइट मेटियो ट्रेंड के अनुसार बहादुरगढ़ में मंगलवार और बुधवार की रात एक बजे से बुधवार दिन के 12 बजे तक मौसम साफ रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 12 से शाम 6 बजे तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और न्यूनतम तापमान 19 व अधिकतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है।