बहादुरगढ़। क्षेत्र में चोरी, छीना-झपटी व लूट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही। अब सब्जी मंडी के निकट तीन बदमाश हथियार के बल पर गाड़ी छीन ले गए। गाड़ी में चालक के दो मोबाइल भी थे। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेन बाजार निवासी हिमांशु वीरवार की रात को झज्जर रोड स्थित डाकखाने के सामने रहने वाले अपने दोस्त अमित के पास गया था। फिर दोनों गाड़ी में सवार होकर सब्जी मंडी के पीछे परशुराम मार्ग पर चले गए। जब मंडी के नजदीक पहुंचे तो उन्होंने गाड़ी रोक ली। इसी दौरान तीन बदमाश आए। उनके पास पिस्तौल थी। इससे पहले कि ये युवक कुछ समझ पाते बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें नीचे उतार दिया और गाड़ी लेकर भाग गए। गाड़ी में हिमांशु के दो मोबाइल फोन भी थे। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मगर तब तक बदमाश मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने हिमांशु की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार की शाम तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।