झज्जर। जिला कारागार में हत्या के आरोपी बंदी सुरेश ने जूते के फित्ते या लॉवर के नाड़े से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जेल प्रशासन की तरफ से मामले की जानकारी दुलीना पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने मौके पहुंचकर मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया।
पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने सामान्य अस्पताल में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के बीच चार चिकित्सकों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
इस मामले में जेल में था बंदी
दिल्ली गेट झज्जर निवासी मोती ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि पांच अक्टूबर 2020 कि शाम करीब 7:15 बजे वह अपने दोस्त संदीप के साथ सब्जी मंडी आया था। उसने सब्जी मंडी में आकर अपनी गाड़ी से दूसरी गाड़ी में कैरेट डलवाई थी। काम खत्म होने के बाद वह, राकेश, संदीप उर्फ सोनू सब्जी मंडी की दुकान के पीछे शराब पीने लगे। इसके कुछ समय बाद सुरेश निवासी माता गेट झज्जर बाइक पर सवार होकर वहां आया। सुरेश शराब के नशे में था। आरोप लगाया था कि इसके कुछ समय बाद सुरेश, संदीप उर्फ सोनू और राकेश की किराये को लेकर कहासुनी शुरू हो गई और गाली-गलौच करने लगे। इसी दौरान सुरेश ने रिवाल्वर निकालकर संदीप व राकेश पर कई राउंड फायर कर दिए। हमले में संदीप उर्फ सोनू के सिर में व राकेश के हाथ में गोली लग गई। इसके बाद सुरेश वहां से भाग गया। इलाज के दौरान संदीप की मौत हो गई थी। पुलिस ने कुछ दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था। उसके बाद से सुरेश जेल में बंद था। रविवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे सुरेश ने बैरक के साथ दीवार में लगी लोहे की पत्ती से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने शव फंदे पर लटका देखा तो मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।
वर्जन
रविवार सुबह जेल प्रशासन की तरफ से सूचना दी गई थी कि बंदी सुरेश ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी सब्जी मंडी में युवक की हत्या के मामले में बंद था।
- किरण, सदर पुलिस थाना प्रभारी, झज्जर।