झज्जर। कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष कक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने के बाद आवेदन प्रक्रिया में तेजी आई है। वहीं उच्चतर शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को अब शुल्क जमा कराने के लिए ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन का विकल्प भी दे दिया है।
अब विद्यार्थियों को शुल्क जमा कराने के लिए अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। कॉलेजों की स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं के लिए ऑनलाइन दाखिले की फीस लेने के बारे में उच्चतर शिक्षा विभाग ने नया निर्देश जारी किया है। इसके अनुसार विद्यार्थी इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट या डेबिट कार्ड से ऑनलाइन फीस भर सकेंगे। इसके अलावा कॉलेज भी विद्यार्थी से कैश के रूप में शुल्क ले सकेंगे। दोनों ही स्थितियों में फीस की रसीद ऑनलाइन निकाली जा सकेगी।
राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर में स्नातक कक्षाओं की 1180 सीटों के लिए अब तक 1537 आवेदन किए गए हैं। इनमें से बीए की 480 सीटों के लिए 949, बीकॉम की 160 सीटों के लिए 105, बीएससी नॉन मेडिकल की 300 सीटों के लिए 244, बीएससी मेडिकल की 80 सीटों के लिए 70, बीबीए की 80 सीटों के लिए 55 व बीसीए की 80 सीटों के लिए 114 आवेदन किए गए हैं।
वहीं नेहरू कॉलेज में विभिन्न कक्षाओं के 366 आवेदनों की ऑनलाइन जांच की जा चुकी है। पहली मेरिट लिस्ट 8 सितंबर को जारी होगी। इस लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, वे 9 से 13 सितंबर तक फीस जमा सकेंगे। इसके बाद भी अगर कॉलेजों की सीटें खाली रहती हैं तो उनको भरने के लिए 21 सितंबर से ही एडमिशन पोर्टल दोबारा खुलेगा।
वर्जन
कॉलेजों में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को शुल्क जमा कराने में किसी प्रकार की परेशानी न आए इसके लिए विद्यार्थियों को ऑनलाइन व ऑफलाइन शुल्क जमा कराने की सुविधा विभाग की तरफ से प्रदान की गई है। अब विद्यार्थी दोनों माध्यमों से शुल्क जमा करवा सकेंगे।
- डॉ. अमित भारद्वाज, मीडिया प्रभारी, नेहरू कॉलेज, झज्जर।