एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने वीरवार सुबह उपमंडल लघु सचिवालय में सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व, खजाना, निर्वाचन, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों के हाजिरी रजिस्टर चेक किए और कार्यालयों में साफ-सफाई का भी जायजा लिया। इस दौरान कई कर्मचारी गैर हाजिर मिले।
एसडीएम ने गैर हाजिर मिले सभी कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब न पाए जाने पर उक्त कर्मचारी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि उपमंडल स्तर पर कार्यरत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यालयों में समय पर पहुंच कर राइट टु सर्विस एक्ट के अनुसार समयबद्ध तरीके से नागरिकों को सेवाएं उपलब्ध करानी होंगी। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा नियमावली का पालन करना होगा।
एसडीएम ने सरल केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां नागरिकों से बात की और मिल रही सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में पूछा। एसडीएम ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनका स्टाफ कार्यालय में निर्धारित समय सारिणी की सही तरीके से अनुपालना कर रहा है। कार्यालय में साफ सफाई नियमित रूप से हो रही है। आमजन से जुड़े कार्य सेवा का अधिकार अधिनियम में निर्धारित समय सीमा के अनुसार हो रहे हैं। उक्त कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई मिलने पर संबंधित विभागीय अधिकारी की भी बराबर जिम्मेदारी मानी जाएगी।