झज्जर। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह शहीदी दिवस के बहाने 23 सितंबर को शक्ति प्रदर्शन करेंगे। दक्षिण हरियाणा की सियासत में रामपुरा हाउस का वर्चस्व है। इस एरिया में एक दर्जन से अधिक हलकों में इंद्रजीत सिंह का प्रभाव है। शहीद राव तुलाराम के वंशज राव इंद्रजीत सिंह लंबे समय तक कांग्रेस में सक्रिय रहे।
एक बार फिर से वे 23 सितंबर को राव तुलाराम के शहीदी दिवस पर झज्जर जिले के पाटौदा गांव में शक्ति प्रदर्शन करेंगे। रेवाड़ी, झज्जर व गुरुग्राम की सीमा पर स्थित इस गांव में तीनों जिलों के अलावा प्रदेश के सभी जिलों से लोग कार्यक्रम में पहुंचेंगे। रविवार को झज्जर की श्रीकृष्ण यादव धर्मशाला में यादव सभा के पदाधिकारियों ने मीडियाकर्मियों को कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने रैली के पोस्टर का भी विमोचन किया। इस दौरान पूर्व प्राचार्य एचएस यादव, संतराम यादव, महेंद्र सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
यादव सभा के प्रधान विरेंद्र दरोगा, एडवाकेट राव उदयभान, राव धर्मपाल आदि ने कहा कि 23 सितंबर को राव इंद्रजीत सिंह हर साल शहीदी दिवस का आयोजन करते हैं। पिछले साल कोरोना महामारी की वजह से कार्यक्रम को स्थगित कर दिया था। इससे पहले हुए शहीदी दिवस समारोह में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह बतौर मुख्यातिथि आए थे। इस बार 23 को झज्जर के पाटौदा खेड़ा गांव स्थित राव तुलराम स्टेडियम में मनाए जाने वाले प्रदेश स्तरीय शहीदी दिवस समारोह में राव इंद्रजीत सिंह मुख्यातिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ करेंगे। अमर शहीद राव तुलाराम यादव महासभा, झज्जर की तरफ से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ये भी करेंगे शिरकत
समारोह में सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव, रोहतक से सांसद अरविंद शर्मा, भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मबीर सिंह, सोनीपत के सांसद रमेश चंद्र कौशिक, राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, गुरुग्राम विधायक सुधीर सिंगला, अटेली विधायक सीताराम, कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, सोहना विधायक संजय तंवर व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य आरती राव बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे।