बहादुरगढ़। वार्ड-14 से पूर्व नगर पार्षद जसबीर सैनी ने कहा कि जब पानी नहीं आता है तो हाहाकार मच जाता है और जब सप्लाई आती है तो कुछ लोग उसका महत्व नहीं समझते हुए व्यर्थ बहाते रहते हैं। ऐसे लोगों के कारण बहुत से लोग पानी से वंचित रह जाते हैं। जसबीर सैनी ने यह बात वीरवार को अपने वार्ड के दौरे के दौरान कही।
सैनी ने बताया की सप्लाई का पानी व्यर्थ बहाना कुछ लोग अपनी शान समझते हैं। पानी की टंकी भर जाने के बाद भी पानी व्यर्थ बहता रहता है। पानी भरने के बाद वाल बंद करना तो दूर सड़क, नालियों को धोने लगते हैं। उन्हें ऐसा करने पर कोई टोके तो कहते हैं हम पानी का बिल देते हैं।
सैनी ने कहा की ऐसे लोगों की गलती पर नकेल जरूरी है। जन स्वास्थ्य विभाग को बेवजह पानी बहाने वाले ऐसे लोगों की सूची बनाकर उनके कनेक्शन काट देने चाहिए। इतनी गर्मी में जब पानी की किल्लत बनी हुई, तब भी ये लोग पानी व्यर्थ बहा रहे हैं। सैनी ने वार्ड के लोगों से आग्रह किया की आसपास कोई भी पानी व्यर्थ बहाता दिखाई दे, उसका फोटो या वीडियो बनाकर हमें भेजें, ताकि उच्च अधिकारियों तक वह बात पहुंचे और नोटिस देकर ऐसे लोगों का पानी का कनेक्शन काटा जा सके।
उन्होंने कहा, जब इन लोगों को पता है कि पानी की सप्लाई तीसरे दिन आती है, तो भी इस तरह की लापरवाही समझ से परे है। सैनी ने यह भी कहा कि कुछ लोगों के निजी सीवर मैनहोल के कारण पूरी गली में गंदगी फैल रही, जिससे बीमारी फैलने की आशंका है। ऐसे लोगों के भी फोटो खींच विभाग में दें, ताकि इन पर भी कार्रवाई हो। सैनी ने कहा कि वह जल्दी ही दोनों विषयों को लेकर डीसी से मिलेंगे। ताकि ऐसे लोगों पर अंकुश लगे। सबको पानी मिले और आसपास सफाई रहे। जब तक ऐसे लोगों को प्रशासन का डर नहीं होगा, ये मानने वाले नहीं।
-