भाजपा से राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के ऊपर जानलेवा हमले में संलिप्त दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा जिलाध्यक्ष मनमोहन खंडेलवाल की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार नरेंद्र कुमार को सौंपा गया। पिछड़ा वर्ग के लोगों में सांसद रामचंद्र जांगड़ा की गाड़ी पर किए गए पथराव व तोड़फोड़ को लेकर रोष है।
जांगिड़ महासभा के सदस्यों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनमोहन खंडेलवाल ने कहा कि सदियों से किसान व कमेरा वर्ग एक ही सिक्के के दो पहलु हैं। पिछड़ा वर्ग समाज सबके साथ मिलकर चलता है, लेकिन समाज के ही कार्यक्रम में सामाज के ही नेताओं को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा रोकना यह दुर्भाग्यपूर्ण है। किसान आंदोलन की आड़ में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के साथ किया गया दुर्व्यवहार निंदनीय है। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज करके सरकार कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे। ज्ञापन में कहा गया कि राज्यसभा सांसद पर किए गया हमला संगीन अपराध की श्रेणी में आता है। जो लोग समाज का आपसी भाईचारा खराब करना चाहते हैं ओर समाज का तानाबाना तोड़ना चाहते हैैं जातीय तनाव पैदा करना चाहते हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और दोषियों को सजा दी जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में पांचाल महासभा के जिलाध्यक्ष राजबीर डांगी, प्रवीन जांगड़ा, नरेश बेडवाल, राजेन्द्र प्रसाद जांगड़ा, महाबीर माछरौली, मा. द्वारकादास, जयभगवान बेरी, नंदकिशोर बाबेपुर, सत्यनारायण मातनहेल, अतर सिंह यादव, जिलेसिंह सैनी, अजित सिंह जांगड़ा, रामप्रकाश, महाबीर कबलाना, रमेश बहु, बलजीत प्रजापति अन्य भी मौजूद रहे।