बहादुरगढ़। वैश्य बीएड कॉलेज में द्वितीय वर्ष की भावी अध्यापिकाओं ने प्रथम वर्ष की छात्राओं के सम्मान में फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया। इसमें छात्राएं जमकर थिरकीं। प्रथम वर्ष की छात्रा कुमारी मधु को मिस फ्रेशर चुना गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की प्राचार्या डॉ. आशा शर्मा व कर्मचारियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर किया। सेकंड ईयर की छात्रा कोमल ने हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत किया। प्रथम वर्ष की छात्राओं के मध्य म्यूजिकल चेयर गेम खेला गया, जिसमें खुशबू गोयल ने बाजी मारी। प्रथम राउंड में 19 प्रतिभागी एलिमिनेट हुए। 15 प्रतिभागियों को द्वितीय राउंड में टैलेंट राउंड में भाग लेने का मौका मिला। जिसमें उन्होंने सिंगिंग, डांसिंग, एक्टिंग, मोनो एक्टिंग, पोयम रेसिटेशन इत्यादि में अपनी प्रतिभा दिखाई। अंतिम राउंड प्रश्नोत्तर में पांच प्रतिभागी चुने गए। जिनमें से मिस फ्रेशर के लिए मिस मधु, प्रथम रनर अप आरती, सेकंड रनर अप शिवानी, ब्यूटीफुल स्माइल चुटकी, वेल ड्रेस्ड नैंसी, मिस स्टाइलिश कविता बल्हारा, डीसेंट लुक मेघा और मतवाली चाल टाइटल ज्योति को मिला।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. आशा शर्मा ने भावी अध्यापिकाओं को शुभकामनाएं दीं। भरोसा व्यक्त किया कि वे अच्छी अध्यापक बनकर महाविद्यालय से निकलेंगी और राष्ट्र निर्माण में सहयोग देंगी। फ्रेशर पार्टी के दौरान सीनियर्स ने जूनियर्स का कॉलेज आने पर स्वागत किया और भविष्य में हमेशा सच्चाई के रास्ते पर चलने की सीख भी दी। कार्यक्रम का आयोजन कल्चरल प्रोग्राम कन्वीनर सुनीता रानी व प्रीत कमल की देखरेख में किया गया।