बहादुरगढ़। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे (केएमपी) पर डाबोदा-बुपनियां के बीच एक कैंटर और कार की टक्कर में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं छह लोग घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत के गांव बडखड़ा निवासी मोहम्मद नबी, तसलीमा, अफजल, फातिमा, आरिफ, शमशुल हसन व सुबरिन कार में सवार होकर खेड़ी बादली के लिए चले थे। ये सभी ईंट भट्ठे पर जा रहे थे। जब वे डाबोदा-बुपनियां के बीच केएमपी पर पहुंचे तो उनकी गाड़ी का डीजल खत्म हो गया। गाड़ी साइड में खड़ी थी कि इसी बीच एक कैंटर चालक ने पीछे से गाड़ी में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उपरोक्त सभी घायल हो गए। इन्हें राहगीरों ने संभाला और एंबुलेंस से ले जाकर बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ मिनट बाद मोहम्मद नबी नाम के शख्स की मौत हुई है। उसका शव नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। ये सभी बादली के पास ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिक थे।