झज्जर। कोरोना के मामलों में निरंतर उतार-चढ़ाव चल रहा है लेकिन मौत के आंकड़े भी निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। वीरवार को जिले में एक व्यक्ति की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 343 पहुंच गया है, जबकि 1097 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई है। जिसमें से 74 नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं जबकि 84 मरीज ठीक हुए हैं।
वीरवार को मिले मरीजों में से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 73 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जिले में 14 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं और 156 को होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमों की निगरानी में इलाज मुहैया कराया जा रहा है। 14 मरीजों में से 7 को सरकारी व 7 को प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया का कहना है कि जिले में सैंपलिंग का कार्य निरंतर चल रहा है। वीरवार को भी एक हजार सात लोगों के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पहले लिए गए सैंपलों में से 1097 की रिपोर्ट वीरवार को आई है। जिले में अब तक 776195 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिनमें से 749516 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। फिलहाल जिले में 390 माइक्रो कंटेनमेंट जोन सक्रिय हैं। 2 दिन से कोरोना के संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ा है। इसलिए लोगों को अत्यधिक सावधान रहने की आवश्यकता है।
वर्जन
जिला वासी कोरोना संक्रमण को हल्के में न लें। अगर वे कोई लापरवाही बरतते हैं तो अपने, परिवार व अन्य लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इसलिए कोई भी लापरवाही न बरतें।
- डॉ संजय दहिया, सीएमओ, झज्जर।