झज्जर। साल्हावास से सुधराना रोड पर शुक्रवार की रात को कार के सामने अचानक नीलगाय आने के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के साथ पेड़ से टकरा गई। कार में सवार तीन युवकों में से एक आशीष की मौत हो गई और दो घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस साल्हावास पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आशीष के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेजा। जहां से पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है।
सीएचसी जमालपुर में नहीं मिली बेहतर व्यवस्था
मृतक के परिजनों ने कहा घायलों प्रवीण और सिंटू को पहले सीएचसी जमालपुर में ले जाया गया। जहां पर घायलों को बेहतर इलाज न मिलने के कारण उन्हें सामान्य अस्पताल लाया गया। जहां से घायलों को प्राथमिक उपचार मुहैया करवाने के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है। पुलिस शव को सामान्य अस्पताल में रखवाने के बाद घायलों के बयान लेने के लिए रोहतक के पीजीआई पहुंची और बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने शहर के सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया।
सिंचाई करने के लिए जीजा के साथ गया था आशीष
खेड़ा गांव निवासी आशीष पुत्र जगदीश, उसका दोस्त सिंटू व उसका जीजा प्रवीण गांव घोसगढ़ गुरुग्राम से शुक्रवार की रात करीब 1:30 बजे खेतों में पानी देने के बाद अपने घर आ रहे थे। जब वे साल्हावास व सुधराना गांव के बीच पहुंचे तो रास्ते में कार के आगे नीलगाय आ गई। जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी पेड़ से जा टकरा गई। हादसे में आशीष की मौके पर मौत हो गई। सिंटू व प्रवीण को रोहतक पीजीआई में रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के जीजा ने निलाहेड़ी गांव में जमीन ले रखी है। वहां से खेतों की सिंचाई करने के बाद रात को वापस आ रहे थे।
रामपाल, उपनिरीक्षक, थाना साल्हावास