झज्जर। बिरोहड़ गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है। 24 दिसंबर की रात को हुई वारदात में गांव बिरोहड़ निवासी एक व्यक्ति की चोटें मारकर हत्या की गई थी। हत्या करने के बाद मृतक के शव को जलाने का भी प्रयास किया गया था। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पुलिस चौकी प्रभारी मातनहेल उप निरीक्षक रणबीर सिंह ने बताया कि शराब पीने के दौरान हुए आपसी विवाद को लेकर 24 दिसंबर की रात को गांव बिरोहड़ निवासी सुरेंद्र की चोटें मारकर हत्या कर दी गई थी और उसके शव को जलाने का प्रयास किया गया था। मृतक का शव 25 दिसंबर को सुबह अधजली अवस्था में लावारिस हालत में बरामद हुआ था। शिकायत पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए थाना साल्हावास में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के संबंध में एसपी वसीम अकरम ने कड़े दिशा निर्देश दिए थे। एसपी के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए एक आरोपी को पुलिस चौकी प्रभारी मातनहेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी की पहचान कृष्ण निवासी गांव बिरोहड़ के तौर पर की गई।