गांव रोहद निवासी कृष्ण की हत्या के मामले में नामजद आरोपी आशीष को आसौदा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बहादुरगढ़ अदालत ने न्यायिक हिरासत में झज्जर जेल भेज दिया।
करीब 46 वर्षीय कृष्ण की गत शनिवार को गांव में ही बिजली के तार से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आसौदा थाना प्रभारी निरीक्षक जसबीर सिंह ने बताया कि मृतक कृष्ण के भतीजे नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 18 सितंबर की रात को उसके चाचा कृष्ण गांव में अशीष उर्फ काला के कमरे में बैठे हुए थे। यहीं पर आशीष व अन्य लोगों ने उसके चाचा को जान से मार दिया। नरेंद्र का कहना है कि उसने आशीष के कमरे में दोनों के तेज आवाज में बोलने की आवाज सुनी।
उसने बाहर से ही अपने चाचा को घर चलकर भोजन करने को कहा तो उसके चाचा ने कहा कि तुम चलो मैं आता हूं। देर रात तक घर वापस न आने पर जब वह अपने चाचा को देखने के लिए आशीष के कमरे में गया तो वहां उसके चाचा के गले में बिजली का तार बंधा हुआ था और वह मृत अवस्था में था।