बहादुरगढ़। वर्ष 2021 की विदाई और नववर्ष का स्वागत करने के लिए 31 दिसंबर को शहर में जगह-जगह आधी रात के बाद तक महफिलों का दौर चला। ऑमिक्रॉन व कोविड की तीसरी लहर को देखते हुए शहर के होटलों व रेस्टारेंटों में अलग ही माहौल था। पुलिस की सख्ती के चलते माहौल पहले सा नजर नहीं आया, लोगों ने अपने-अपने ढंग से जश्न मनाया। गली मोहल्लों में खूब कार्यक्रम हुए।
नर्व वर्ष के प्रारंभ पर युवाओं ने एक-दूसरे को उपहार भेंट कर शुभकामनाएं दीं। आधी रात के बाद से ही सोशल मीडिया के जरिये एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। नव वर्ष के पहले दिन कई शिक्षण संस्थाओं व अन्य जगहों पर यज्ञ भी हुए। पुलिस ने शहर में विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों व चालकों की जांच की। वाहन चालकों की एल्को सेंसर से जांच की गई।
युवाओं ने कई दिन पहले ही इस जश्न की तैयारियां शुरू कर दी थी। युवाओं की पार्टियों में शाम होते ही डीजे बजना शुरू हो गया। सुबह होते ही शहर के बाजारों में नव वर्ष के गिफ्ट खरीदने की होड़ सी लग गई। दुकानों में सजे मनमोहक गिफ्ट ग्राहकों को आकर्षित कर रहे थे। बच्चों और युवाओं में गिफ्ट चुनने के लिए जितना उत्साह था, उतना ही मुश्किल था उनके लिए गिफ्ट का चयन। हम उम्र को देने के लिए युवा ऐसा गिफ्ट चुन रहे थे जो कि काफी समय तक यादगार रहे। अनेक लोगों ने जहां फूलों के गुलदस्ते खरीदेे तो कुछ ने लाल गुलाब को भी नववर्ष की शुभकामनाओं के साथ भेंट करना अच्छा समझा। होटल रेस्टोरेंट आकर्षक ढंग से सजाए गए थे। तरह-तरह के व्यंजन बनाए गए थे।
पुलिस की हुड़दंगियों पर रही नजर
नव वर्ष पर किसी तरह का हुड़दंग या कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन न होने देने के लिए पुलिस की टीमें गश्त पर रहीं। होटलों व रेस्टारेंटों पर पुलिस की खास नजर रही। काफी लोग ऐसे थे, जिन्होंने घर में ही रहकर नववर्ष का जश्न मनाया। होटलों व रेस्टोरेंटों के बजाय छोटी-छोटी पार्टियों का आयोजन किया गया। जैसे ही रात 12 बजे तो कई जगह आतिशबाजी का दौर भी देखा गया। सड़कों व अप्रोच रास्तों पर पुलिस की टीमें तैनात रही।