बहादुरगढ़ में रविवार की शाम को बहादुरगढ़ में हुई इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या के मामले की जांच जिला पुलिस की पांच टीमें कर रही हैं। उधर, पीड़ित परिवार ने इस घटना के लिए पुलिस, प्रशासन व सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि नफे सिंह राठी द्वारा कई महीने पहले अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की गई थी। लेकिन सरकार ने उन्हें पुलिस सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई।
इनेलो महासचिव अभय सिंह चौटाला सोमवार को बहादुरगढ़ पहुंचे और पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर राठी के समर्थकों ने नागरिक अस्पताल के बाहर पुराने दिल्ली-रोहतक रोड पर जाम लगा दिया। पूर्व विधायक नफे सिंह राठी को अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर 2 बजे तक भी नहीं किया जा सका। उनके परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक पोस्टमार्टम नहीं करवाने पर अड़े हैं।
अभय चौटाला ने कहा कि छह महीने पहले नफे सिंह राठी ने गुरुग्राम में उनसे मिलकर अपनी जान को खतरा बताया था। अभय ने कहा कि मैंने तुरंत एसपी झज्जर से बात की और सुरक्षा देने के लिए कहा। नफे सिंह ने एसपी, डीसी, सीआईडी प्रमुख, गृहमंत्री अनिल विज, और सीएम को भी लिखित निवेदन कर सुरक्षा मांगी। लेकिन नहीं दी गई और अंतत: वही हुआ जिसका शक था। अभय ने कहा कि दो बार के विधायक, पूर्व विधायक एसोसिएशन के अध्यक्ष और इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष का जीवन सुरक्षित नहीं रहै तो इस सरकार मे आम आदमी का क्या होगा।
नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में पोस्टमार्टम हाउस के बाहर और नफे सिंह राठी के घर के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ लगी है। अस्पताल में मौजूद नफे सिंह राठी के पुत्र नगर पार्षद जितेन्द्र ने कहा कि कई माह पहले खुद की जान को खतरा बताते हुए कड़ी पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। पिछले दिनों पत्रकारों से बातचीत में भी नफे सिंह ने खुद को मिल रही धमकियों के आधार पर अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा मांगी थी।
नफे सिंह राठी के भतीजे कपूर सिंह राठी ने कहा कि उनके चाचा की हत्या एक राजनीतिक हत्या है। उन्होंने कहा कि जिन पर उन्हें शक था उन सबके नाम पुलिस को बता दिए हैं। लेकिन केवल एफआईआर दर्ज करना कोई समाधान नहीं है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए।
उधर, डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दो डीएसपी के नेतृत्व में पांच टीम बनाई गई हैं। सभी टीम तत्परता से का कर रही हैं और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।