शहीद भगत सिंह की जयंती पर लोगों को संबोधित करते दीपेंद्र हुड्डा। संवाद
- फोटो : Bahadurgarh
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मंगलवार को बहादुरगढ़ के कई सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने शहीदी स्मारक पर भगत सिंह मैत्री संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी।
उन्होेंने सरकार से बारिश और जलभराव की वजह से खराब हुई फसलों की गिरदावरी कराकर किसानों को अविलंब मुआवजा देने की मांग की। धीमी गति से चल रहे जल निकासी के काम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बारिश के पानी को निकालने के इंतजाम करने में सरकार ढील न बरते। इसे युद्धस्तर पर अभियान चलाकर पूरा कराया जाए। सरकारी ढिलाई के चलते शहरों में लोग और खेतों में किसान परेशान हैं।
हुड्डा ने कहा कि जल निकासी की जल्द से जल्द व्यवस्था करके लोगों को इस मुश्किल से निजात दिलानी चाहिए। सरकार सुनिश्चित करे कि जलभराव वाले इलाके में पर्याप्त संख्या में पंप, बिजली मोटर, बिजली कनेक्शन आदि की व्यवस्था हो। शहरी इलाकों में जलभराव से जर्जर हो गई सड़कों की मरम्मत कराई जाए। सुनिश्चित करें कि जलभराव वाले इलाकों में किसी प्रकार की दुर्घटना न होने पाए।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश और जलजमाव से धान, कपास, बाजरा, मक्का, ग्वार, दाल की फसलें और सब्जियों की नुकसान हुआ है। किसानों ने उन्हें बताया कि बारिश से कपास के टिंडे गल गए और फूल झड़ गए हैं। बाजरे की पकी हुई फसल को नुकसान हुआ है। धान की फसल बारिश व तेज हवा के कारण बिछ गई है। हुड्डा ने कहा कि सरकार को किसानों के नुकसान की तुरंत भरपाई करनी चाहिए।