झज्जर। मानसून के बारिश के बाद क्षेत्र में मच्छरों की तादाद निरंतर बढ़ती जा रही है। घरों में भी कूलर, पानी की टंकियां, गमलों में ही नहीं खाली प्लॉटों व अन्य स्थानों पर भरे पानी में भी मच्छर का लारवा मिल रहा है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग लोगों को नोटिस थमा रहा है लेकिन शहर के नागरिक अस्पताल में भरे बारिश के पानी की ओर विभाग का ध्यान नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शहर में खाली प्लॉटों व अन्य स्थानों पर भरे पानी को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थिति यहां तक बनी हुई है कि सिविल सर्जन निवास व कर्मचारियों के रिहायशी क्षेत्र में भी पानी भरा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शुरू किए गए एंटी लारवा अभियान के दौरान जिले में 3213 स्थानों पर लारवा पाया गया है। जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 2298 लोगों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से तीन बार एंटी लारवा के लिए जांच की जाती है। तीन बार नोटिस देने के बाद अगर घर में लारवा मिलता है तो उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया जाता है। फिलहाल विभाग की तरफ से नोटिस जारी किए गए हैं लेकिन किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। जिले में अब तक इस साल मलेरिया का एक केस अप्रैल में सामने आया था, जबकि डेंगू का कोई भी संभावित या कंफर्म केस सामने नहीं आया है।
1,39,245 घरों में लारवा चेक किया
जांच के दौरान 1,39,245 घरों में लारवा चेक किया गया है। जिसमें से 1326 कूलर, 798 पानी की टंकियां, 510 गमले, 377 प्लाट व अन्य जल भराव वाले स्थानों, 292 टायर आदि में मच्छर का लारवा मिला है। विभिन्न स्थानों पर भरे पानी के अंदर भी मच्छर का लारवा पाया गया है वहां पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से टेमिफॉस दवाई डाली गई है।
- ये बरतें सावधानी
- अपने घरों के आसपास पानी एकत्रित न होने दें।
- पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें।
- घरों के आसपास भरे रहने वाले पानी में खराब तेल डालें।
- कूलर की एक सप्ताह में सफाई कर उसे सुखाएं।
- खाली टायर, नारियल के खोल आदि घरों व आसपास में न रखें।
--------
वर्जन
जिले में मानसून के सीजन में लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। विभाग की तरफ से जिले में एंटी लारवा अभियान निरंतर रूप से चल रहा है। मच्छर का लारवा किसी घर या संस्थान में मिल रहा है तो उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं। नागरिक अस्पताल से पानी निकासी के प्रबंध किए जा रहे हैं।
- डॉ. रणबीर सिंह, डीएचओ, झज्जर।