हरियाणा के झज्जर में गांव आजाद नगर में ब्याज पर ली गई रकम न चुकाने पर साहूकार ने मजदूर के साथ घर में आकर मारपीट की। साहूगार ने उसे धमकाया भी। मारपीट से सदमे में आए मजदूर सुंदर (38) ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसका पता परिवार को सुबह लगा और घटना की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर सिविल अस्पताल झज्जर पहुंचाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक सुंदर की पत्नी की शिकायत पर साहूकार अजीत के खिलाफ एससी, एसटी सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
मृतक के भाई सुनील ने बताया कि उसके भाई सुंदर ने छुछकवास गांव निवासी अजीत से दो महीने पहले 15 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। साहूकार ने यह राशि दो महीनों में 25 हजार कर दी। समय पर पैसे न चुकाने पर साहूकार अजीत ने वीरवार को घर आकर सुंदर के साथ मारपीट की और धमकी दी कि शुक्रवार सुबह तक रकम नहीं दी तो वह दोबारा घर पर आएगा। साहूकार की मारपीट से उसका भाई सदमे में आ गया और उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि साहूकार ने उसके भाई के साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर साहूकार अजीत के खिलाफ केस एससी एसटी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
-अशोक कुमार, जांच अधिकारी, छुछकवास पुलिस चौकी।