बहादुरगढ़। बाल विकास सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने नोएडा में हुई ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2022 में पांच गोल्ड मेडल जीते। पदक विजेता खिलाड़ियों का बुधवार को स्कूल पहुंचने पर स्वागत किया गया।
स्कूल की प्राचार्य डॉ. पूनम चौधरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 7 से 10 मई तक ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2022 का आयोजन किया गया। चैंपियनशिप में उनके स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विभिन्न भार वर्गों में 5 स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने बताया कि लड़कियों की अंडर 37 किलो भार वर्ग में तानिया छिल्लर ने स्वर्ण पदक जीता। लड़कों की 57 किलो भार वर्ग की प्रतियोगिता में हार्दिक अहलावत ने स्वर्ण पदक जीता। लड़कों के कनिष्ठ वर्ग में 55 किलो भार वर्ग की प्रतियोगिता में साहिल ने स्वर्ण पदक जीता। लड़कों के कनिष्ठ वर्ग में 51 किलो भार प्रतियोगिता में विशु ने स्वर्ण पदक जीता। इसी तरह लड़कियों की वरिष्ठ वर्ग की 73 किलोग्राम भार वर्ग की प्रतियोगिता में रमणीक अहलावत ने अपने मुकाबले में आई सभी खिलाड़ियों को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पांच स्वर्ण पदक जीतने पर खुशी जताते हुए स्कूल के प्रबंधक रामनिवास छिल्लर, निदेशक एडवोकेट प्रवीण छिल्लर व डॉ, सीमा छिल्लर ने विजेता ताइक्वांडो खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया। प्रवीण छिल्लर ने कहा कि स्कूल में कुशल खेल कोच सुरेन की देखरेख में विद्यार्थी प्रशिक्षण लेकर राज्य व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत कर स्कूल व अपने माता-पिता का नाम रोशन कर रहे हैं।