बहादुरगढ़। गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार की पहल पर खंड के सभी 44 गांवों में रविवार को महासफाई अभियान की शुरुआत हुई। बहादुरगढ़ खंड में अभियान की शुरुआत एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने गांव सिद्धिपुर में शहीद स्मारक की सफाई करते हुए किया।
इस मौके पर समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी रोहतास, ग्राम सचिव प्रदीप, अतिरिक्त खंड कार्यक्रम अधिकारी (नरेगा) हिम्मत सिंह, निवर्तमान सरपंच जय किशन व सक्षम युवाओं सहित काफी ग्रामीणों ने श्रमदान किया। अभियान के दौरान गांव की गलियों, स्कूल, शहीद स्मारक सहित सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई और गांव के लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया गया। एसडीएम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने सामान्य चौपाल और व्यायामशाला को साफ सुथरा रखने का आह्वान किया।
एसडीएम भूपेंद्र सिंह ने कहा कि महासफाई अभियान गांवों को साफ सुथरा रखने और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वास्थ्य का आधार है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ग्रामीणों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथों की सफाई और सामूहिक स्वच्छता से जुड़े विभिन्न घटकों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।