बेरी-झज्जर मार्ग पर धौड़ गांव से निकलकर शुक्रवार की अलसुबह दो नकाबपोश बदमाश कार चालक के साथ मारपीट कर दो फोन, नकदी व गाड़ी की चॉबी छीनकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बारे में कार चालक ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। सूचना मिलने के बाद दुजाना पुलिस ने मौके का मुआयना किया।
जानकारी के अनुसार गांव मिट्ठी जिला भिवानी अनिल पुत्र छोटूराम गुरुग्राम में ट्रांसपोर्ट का काम करता है। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे अपनी कार में सवार होकर गुरुग्राम से अपने गांव मिट्ठी जा रहा था। जब वह गांव धौड़ से निकला तो उसे नींद आने लगी तो वह पेट्रोल पंप के सामने कार खड़ी करके सो गया। करीब 10 मिनट बाद दो नकाबपोश बदमाश आए और उसके दोनों फोन छीनकर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाश कार में रखा पर्स व तीन एटीएम कार्ड और कार की चॉबी लेकर बेरी की तरफ भाग गए। चालक ने बताया कि वह डरा-सहमा काफी देर तक रात को आसपास छुपा रहा। जब दिन निकला तो पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धौड़ गांव से निकलकर पेट्रोल पंप के पास कार चालक के साथ मारपीट कर फोन व नकदी छीनने की शिकायत मिली है। कार चालक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- शेर सिंह, पुलिस थाना प्रभारी, दुजाना।