एलएलबी के छात्र ने फंदे से लटक कर दी जान
झज्जर के सीताराम गेट की घटना, व्यापारियों ने बाजार रखा बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। शहर के सीताराम गेट क्षेत्र में एलएलबी का एक छात्र फंदे से लटक गया। जानकारी होने पर परिजन अस्पताल ले गए। कर पहुंचे, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत पर व्यापारियों ने बाजार भी बंद रखा।
जानकारी के अनुसार सीताराम गेट निवासी सुरजीत के करीब 25 वर्षीय पुत्र साहिल ने शनिवार को घर में ही फंदा लगा लिया। उसे फंदे पर लटका हुआ देख परिजनों ने नीचे उतारा और शहर के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि, साहिल ने किस कारण फंदा लगाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों द्वारा पुलिस को दी सूचना के अनुसार युवक एलएलबी कर रहा था। अभी प्रथम वर्ष के दो पेपर देने थे। परिजनों ने बताया कि युवक कुछ समय से डिप्रेेशन से छुटकारा पाने के लिए दवाइयां भी खा रहा था। हालांकि परिजनों का यह भी कहना था कि कमरे में जाने से पहले तक साहिल बिलकुल सही था। उसने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की उसकी वजह का पता नहीं चला है। पुलिस साहिल के घर भी पहुंची और आसपास से भी पूछताछ की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों का सौंप दिया। युवक का दोपहर बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। सुरजीत की थाने वाले पीर के पास जूते की दुकान है। बाजार में जैसे ही युवक की मौत की सूचना मिली, दुकानदारों ने दुकानों को बंद कर दिया। युवक की मौत पर व्यापार मंडल के कार्यकारी प्रधान प्रमोद बंसल व महासचिव केशव सिंगल, जगप्रकाश बबलू प्रधान आदि व्यापारियों ने शोक व्यक्त किया है।
वहीं शहर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह का कहना है कि सूचना मिली तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।