बहादुरगढ़ में ओलंपिक पदक विजेता पहलवान दीपक पूनिया को 10 लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित करते एलआई?
- फोटो : Bahadurgarh
टोक्यो ओलंपिक में 86 किलोग्राम भार वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले पहलवान दीपक पूनिया को भारतीय जीवन बीमा निगम(एलआईसी) ने शनिवार को उनके गांव छारा में 10 लाख रुपये का चेक भेंट कर सम्मानित किया।
एलआईसी रोहतक मंडल के वरिष्ठ प्रबंधक दिवाकर मोहन मित्तल व मंडल के मार्केटिंग मैनेजर राकेश गौड़ बहादुरगढ़ शाखा के अधिकारियों के साथ शनिवार को पहलवान दीपक पूनिया के पैतृक गांव छारा पहुंचे। यहां एक सम्मान समारोह में उपायुक्त श्याम लाल पूनिया, एसडीएम भूपेंद्र और सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में एलआईसी के अधिकारियों ने दीपक पूनिया को चेक भेंट किया। इसके साथ-साथ दीपक के कोच वीरेंद्र सिंह, पिता सुभाष, गांव के पूर्व सरपंच जितेंद्र बबलू और परिवार के अन्य बुजुर्गों का शॉल और पुष्प गुच्छ भेंट करके एलआईसी के अधिकारियों ने सम्मानित किया। इससे पहले सम्मान समारोह में पहुंचने पर डीसी श्याम लाल पूनिया और एसडीएम भूपेंद्र का भी एलआईसी के अधिकारियों ने शाल व पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। उपायुक्त पूनिया ने पहलवान दीपक को बधाई दी और ग्रामीणों की भी समस्याओं को समाधान करने का आश्वासन दिया। एलआईसी की इस आयोजन के लिए प्रशंसा की।