ढांसा स्टैंड मेट्रो स्टेशन के अंदर नजफगढ़ झील का एक दृश्य।
- फोटो : Bahadurgarh
नजफगढ़ के ढांसा स्टैंड मेट्रो स्टेशन से मेट्रो सेवा शुक्रवार छह अगस्त से आरंभ नहीं हो पाएगी। दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन ने फिलहाल इस स्टेशन को यात्रियों के लिए नहीं खोलने का खोलने का फैसला किया। इस स्टेशन का शुक्रवार को होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
दरअसल, नजफगढ़ में ढांसा स्टैंड के आसपास ढांसा रोड इस वक्त बेहद खराब हालत में है। यहां से आने-जाने में बहुत कठिनाई हो रही है। इसलिए नजफगढ़ के विधायक और दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत द्वारा आपत्ति जताने के बाद डीएमआरसी ने छह अगस्त को होने वाले ढांसा बस स्टैंड मेट्रो स्टेशन का लोकार्पण कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। अब छह अगस्त को केवल पिंक लाइन के त्रिलोकपुरी खंड को ही यात्रियों के लिए खोला जाएगा।
कैलाश गहलोत ने गत सोमवार को डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह को पत्र लिखकर कहा था कि जब तक ढांसा रोड को पुनर्निर्माण करके ट्रैफिक की आवाजाही के लिए नहीं खोला जाता, तब तक मेट्रो स्टेशन चालू करने का कोई लाभ नहीं होगा। इस रोड के बंद रहने से निकटवर्ती देहात के लोगों का स्टेशन तक पहुंचना बहुत कठिनाई भरा होगा।
फिरनी रोड से गोपाल नगर तक का रास्ता खराब
गहलोत ने स्टेशन के पहुंच मार्ग का मामला भी उठाया था। उन्होंने कहा था कि डीएमआरसी ने फिरनी रोड से गोपाल नगर तक ढांसा रोड के जिस हिस्से को मेट्रो स्टेशन और मेट्रो टनल बनाने के लिए बैरिकेड लगाकर ब्लॉक किया था, उस रोड को दुरुस्त करके ट्रैफिक की आवाजाही के लिए नहीं खोलने के बाद ही मेट्रो सेवा शुरू की जानी चाहिए। मेट्रो परियोजना का कार्य चलने की वजह से यह रोड खराब हो गया है। गहलोत ने कहा कि इस रोड को 20 तारीख से पहले ट्रैफिक के लिए खोल पाना मुश्किल है। इस तरह जल्दबाजी में स्टेशन का उद्घाटन करना सही नहीं रहेगा। मंत्री गहलोत की इन आपत्तियों के उपरांत डीएमआरसी ने ढांसा बस स्टैंड मेट्रो स्टेशन को फिलहाल यात्रियों के लिए नहीं खोलने का फैसला लिया है। यह स्टेशन भूमिगत है।