ई-रिक्शा चालक के साथ तीन लोगों द्वारा मारपीट कर उससे ई-रिक्शा, मोबाइल और चार हजार रुपये छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बब्लू उर्फ बाबूलाल पुत्र मनीलाल निवासी गांव हासीपुर जिला मिर्जापुर उत्तर प्रदेश ने कहा है कि कच्चा बादली रोड झज्जर में किराए पर रहता है। वह शहर में ई-रिक्शा चलाता है। रविवार की रात करीब आठ बजे में एक सवारी को लेकर सिकंदरपुर गांव के लिए चला था। वह व्यक्ति उसे सिकंदरपुर गांव वाले रास्ते से खेत की तरफ ले गया। जहां पर उसके दो अन्य साथी पहले से खड़े थे। उक्त तीनों ने मिलकर उसे डंडे से पीटा और उसकी ई-रिक्शा, मोबाइल फोन व जेब से चार हजार रुपये छीनकर बाईपास की तरफ फरार हो गए। जांच अधिकारी अमित कुमार का कहना है कि मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।