रोहतक लोकसभा क्षेत्र से सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से लागू की गई योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से विभागीय स्तर पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लोग प्रभावी रूप से योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल के साथ विभागीय अधिकारी किसी भी प्रकार की संज्ञान में आने वाली शिकायतों व समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर करें। उक्त बातें सांसद डॉ. अरविंद शर्मा शनिवार को झज्जर लघु सचिवालय सभागार में जिला प्रशासन टीम के साथ जिला विकास एवं निरीक्षण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। डीसी श्याम लाल पूनिया ने क्रमवार बैठक में रखे गए विभागीय पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सांसद डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को कहा कि प्रशासन शासन की योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए एक माध्यम है, जिसके तहत आमजन को योजनाओं का लाभ व्यवस्थित ढंग से मुहैया कराया जाता है। ऐसे में विभागीय अधिकारी पूरी पारदर्शिता के साथ निष्पक्षता बनाए रखते हुए सरकारी रिकार्ड को अपडेट रखें। उन्होंने अधिकारियों को प्रेरित किया कि वे विभागीय स्तर पर आने वाली शिकायतों व समस्याओं के समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठाते हुए लोगों को राहत प्रदान करें।
उन्होंने फसल बीमा योजना के तहत किसानों को बीमा राशि का भुगतान समय पर करने के निर्देश दिए और कहा कि यदि कोई तकनीकी दिक्कत आती है तो बीमा कंपनी प्रतिनिधि किसान के घर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करेंगे।
यह रहे मौजूद
बैठक में एएसपी विक्रांत भूषण, एडीसी जगनिवास, सीईओ जिला परिषद त्रिलोकचंद, एसडीएम झज्जर शिखा, एसडीएम बेरी रविंद्र कुमार, एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम बहादुरगढ़ हितेंद्र शर्मा, सीटीएम रेणुका नांदल, एसई बिजली निगम संदीप जैन, एसई सिंचाई सतीश कुमार, लोक निर्माण विभाग के एक्सईन नरेंद्र सिंघरोहा सहित राज पारीक, सुनीता चौहान, अनिल शर्मा व मनीष नंबरदार सहित अन्य विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।