कस्बा बहूझोलरी से कनीना, रेवाड़ी व दादरी जाने वाले खस्ताहाल मार्ग पर कीचड़ में ट्रक फंसने से छह घंटे जाम लगा रहा।
छोटे वाहन तो गांव की तंग गलियों से होकर निकल गए, लेकिन बड़े वाहन सड़क पर ही फंसे रहे। जाम लगने से बहूझोलरी से कनीना व दादरी जाने वाले वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
करीब छह घंटे बाद ट्रक को साइड किया गया, जिसके बाद जाम में फंसे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।स्थानीय निवासी विजय, पवन, सतीश, शंकर, सोनू, राकेश, सुंदर आदि ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से सड़क पर बने इन गड्ढों में बड़े वाहनों का खराब होकर फंस जाना आम बात है।
दुकानदार विकास, राजेश, अमित, संदीप, बजरंग, रामबीर, शिव कुमार आदि ने बताया कि सड़क कच्ची होने के कारण धूल उड़ती है। बारिश होते ही सड़क पर कीचड़ जमा हो जाता है। उन्होंने बताया कि इस बार भी जाम लगने का कारण एक ट्रक का कीचड़ में फंस जाना था।
उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण को लेकर कई बार लिखित व मौखिक रुप से प्रशासन के सामने गुहार लगा चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
500 मीटर का टुकड़ा पड़ा है कच्चा
दुकानदारों व ग्रामीणों ने बताया कि मातनहेल-बहूझोलरी-कनीना मार्ग को चौड़ा कर पक्का करने का कार्य तीन साल पहले पूरा किया जा चुका है, लेकिन बस स्टैंड के साथ लगते लगभग 500 मीटर का टुकड़ा कच्चा छोड़ दिया गया है।
बताया गया है कि यहां कुछ भूमि के कब्जे को लेकर विवाद है। इस कारण यह टुकड़ा नहीं बनाया जा रहा। इसका खामियाजा यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भुगतना पड़ता है।
केवल 100 मीटर टुकड़े पर थी आपत्ति
इधर, दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के चलते 500 मीटर तक सड़क को कच्चा छोड़ा गया है, जबकि आपत्ति केवल 100 मीटर टुकड़े पर थी।
दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन को इस विवाद को जल्द सुलझाना चाहिए, क्योंकि कच्ची सड़क के कारण आए दिन लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।