गांव कुलासी में सिगरेट खरीदने के बहाने बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने दुकानदार से पिस्तौल के बल पर छह हजार रुपये व सिगरेट लूट ली। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पीड़ित दुकानदार की सूचना पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस संबंध में बदमाशों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। कुलासी निवासी नवीन के अनुसार वह अपने गांव की फिरनी पर किराना की दुकान चलाता है। रविवार रात को वह अपनी दुकान पर था कि रात करीब आठ बजे दो नकाबपोश युवक आए और उन्होंने उससे सिगरेट की डिब्बी मांगी। उस दौरान दुकान के आसपास कोई नहीं था। नवीन ने बताया कि जैसे ही वह सिगरेट की डिब्बी निकालने लगा तो मौका पाकर दोनों नकाबपोश युवक उसकी दुकान के अंदर घुस गए और उस पर पिस्तौल तान दी।
बदमाशों ने कहा कि जो भी उसके पास है वह निकाल दे वरना ठीक नहीं होगा। नवीन ने उन्हें कहा कि उसके पास कुछ नहीं है तो नकाबपोश बदमाशों ने उसका गल्ला खंगालना शुरू कर दिया और पांच सिगरेट की डिब्बियां निकाल लीं। उन्होंने उससे 6 हजार रुपये और सिगरेट की डिब्बियां लूट ली। इसके बाद वे दुकान से बाहर निकले और कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़े अपने तीसरे साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गए।