25 लाख की लॉटरी का झांसा देकर ठगे पांच लाख
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। लॉटरी के नाम पर, केवाइसी अपडेट करने और गूगल पर सर्च किए गए फर्जी टोल फ्री नंबर के जरिए लोगों को झांसा देकर ठग हर रोज खातों से लाखों रुपये उड़ा रहे हैं। बहादुरगढ़ की बैंक कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये की लॉटरी लगने का झांसा देकर पांच लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक कालोनी निवासी अजीत सिहं ने बताया कि उनका खाता फेडरल बैंक की बहादुरगढ़ शाखा में है। 9 जनवरी को मोबाइल पर एक एसएमएस आया, जिसमें लिखा था आपकी 25 लाख रुपये की लाटरी लग गई। बाद में उन्होंने फोन करके बेटे मोहित को बताया कि सोनू, जलाधर, अजय व लखीदरा के नाम से स्टेट बैंक आफ इंडिया के खातों में लाटरी की राशि के टैक्स के रूप में पांच लाख रुपये अलग-अलग करके जमा करवा दो। उनके कहे अनुसार पांच लाख मनी ट्रांसफर के माध्यम से जमा करवा दिए। उसके बाद भी उन लोगों के फोन आए और इसके बाद भी पैसे मांगने लगे। तब समझ आया कि लॉटरी का झांसा देकर पांच लाख रुपये ठगे गए हैं। इसके बाद अजीत ने पुलिस से शिकायत की। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद