झज्जर। युवाओें के लिए रोजगार मेले जीवन का आधार बन रहे हैं, क्योंकि कंपनियां उनके पास आकर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं। यह बातें राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मातनहेल में रोजगार मेले का को संबोधित करते हुए प्राचार्य अनिल दलाल ने कही। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा स्वयं का रोजगार भी कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर विभिन्न कंपनियों के तरफ से भी रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। इस लिए युवाओं को प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के लिए बेहतर अवसर मिलते हैं। दसवीं व बारहवीं कक्षा के बाद विद्यार्थी अपने क्षेत्र में ही औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित किए गए रोजगार मेले में अंबर इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से साक्षात्कार का आयोजन किया गया है। जिसमें विभिन्न ट्रेड के 60 पास आउट छात्रों ने भाग लिया है। जिसमें से 50 आवेदक चयनित हुए हैं। यह रोजगार मेला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मातनहेल में सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुआ जो दोपहर दो बजे तक चला। चयनितों को झज्जर से कंपनी तक की बस सुविधा मिलेगी और 11 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए छात्र अपने साथ रिज्यूम, आधारकार्ड, मूल शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के प्रमाण पत्र लेकर आए हुए थे। इस अवसर पर जीआई दर्शन, भीम सिंह, प्रवीण कुमार, कंपनी के प्रतिनिधि संदीप कुमार, सुमित कुमार, अप्रेंटिस शाखा से संदीप रोहिल्ला, सचिन चाहर गौरव चाहर, सरिता यादव आदि मौजूद रहे।