अपने गुरु आर्य वीरेंद्र और द्रोणाचार्य अवार्डी पहलवान ओमप्रकाश दहिया के साथ पहलवान दीपक पूनिया?
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। घुटने का इलाज करवा रहे गांव छारा निवासी अंतरराष्ट्रीय पहलवान दीपक पूनिया के मन में ओलंपिक में पदक न जीत पाने की कसक है। अगले ओलंपिक का तो लक्ष्य है ही, उससे पहले दीपक ने विश्व कप के लिए मन बना लिया है।
86 किलोग्राम भार वर्ग का श्रेष्ठ पहलवान दीपक पूनिया फिलहाल नरेला में कोच वीरेंद्र के अखाड़े में है। घुटने में लगी चोट के कारण डॉक्टर ने उसके दो महीने तक कड़ी मेहनत करने के लिए मना किया है। इसलिए दीपक यहां स्वास्थ्य लाभ ले रहा है। एक्सरसाइज करता है और दूसरे पहलवानों को कड़ी मेहनत करते हुए देखता है। दीपक का कहना है कि अब उसका सभी कुछ अगले ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के लिए समर्पित रहेगा। जितना समय बचा है उतने समय में शायद अनुभव की कमी भी नहीं रहेगी।
टोक्यो ओलंपिक में 86 किलोग्राम भार वर्ग के रेपेचेज मुकाबले में पहलवान दीपक पूनिया ने पहले राउंड में शानदार खेल दिखाया और 2-1 से बढ़त बनाने में सफल रहे, लेकिन दूसरे बाउट में आखिरी 10 सेकंड में दीपक पर प्रतिद्वंद्वी पहलवान हावी हो गया जो दीपक की हार का कारण बना। दीपक के मुकाबले माइल्स अमीन 2 अंक ज्यादा बनाने में कामयाब रहे। दीपक अच्छे ड्रा का फायदा उठाकर सेमीफाइनल तक पहुंचे लेकिन अमेरिका के डेविड मौरिस टेलर से सेमीफाइनल में हार गए। उन्होंने इससे पहले नाइजीरिया के एकेरेकेमे एगियोमोर को तकनीकी श्रेष्ठता से और फिर क्वार्टर फाइनल में चीन के जुशेन लिन को 6-3 से हराया था। दीपक का कहना है कि भविष्य में वे कमियां नहीं रहेंगी जो अब तक रहीं।
दीपक की उपलब्धियां
पदक प्रतियोगिता वर्ष
स्वर्ण विश्व कैडेट चैंपियनशिप 2016
स्वर्ण एशियन जूनियर, चैंपियनशिप 2018
रजत जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2018
कांस्य एशियन चैंपियनशिप 2019
स्वर्ण जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2019
रजत विश्व चैंपियनशिप 2019
कांस्य एशियन चैंपियनशिप 2020