घरों के सामने बनाए गए चबुतरे व रैंप हटवाने पहुंची टीम। संवाद
- फोटो : Jhjhar
शहर के वार्ड नंबर 15 में तीन मूर्ति मंदिर के नजदीक गली में बनाए गए रैंप व छज्जे को लेकर चली अदालती कार्रवाई के बाद शुक्रवार को प्रशासन की टीम रैंप व छज्जे हटवाने के लिए पहुंची। इस दौरान जेसीबी से नगर परिषद व जिला प्रशासन के अधिकारियों की देखरेख में मकानों के सामने बनाए गए रैंप तो अदालत के आदेश पर हटा दिए गए, लेकिन शिकायतकर्ता के अनुसार मकान के अवैध निकाले गए छज्जे को नहीं तोड़ा गया।
शहर के तीन मूर्ति मंदिर के पास वार्ड नंबर 15 निवासी वेद प्रकाश ने मकान के सामने अवैध रूप से बनाए रैंप व मकान के छज्जे को तोड़ने के लिए अदालती कार्रवाई शुरू की थी। इसमें अदालत की तरफ से प्रशासनिक अधिकारियों और नगर परिषद के अधिकारियों को यह अवैध रैंप व छज्जे तोड़ने के आदेश जारी किए गए थे। इन आदेशों का पालन करते हुए नगर परिषद की तरफ से भवन निरीक्षक विवेक जैन व ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार नरेंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी से रैंप हटवाए। शिकायतकर्ता वेद प्रकाश का कहना है कि अदालत ने अवैध रूप से निकाले गए छज्जे को भी तोड़ने के आदेश दिए थे, लेकिन यह नहीं हटाया गया है। करीब 15 मकानों के सामने बनाए गए रैंप प्रशासन की टीम ने हटवा दिए हैं।
अदालत के आदेश पर मकानों के सामने से बने रैंप हटाए गए हैं। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में नगर परिषद की ओर से कार्रवाई की गई है।
नरेंद्र दलाल, तहसीलदार, झज्जर।