बिजली मीटर मामले पर विचार विमर्श करते दुल्हेड़ा के ग्रामीण।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। गांव दुल्हेड़ा के ग्रामीणों बिजली के मीटर घरों के बाहर लगाने का विरोध किया है। सोमवार को बिजली निगम के अधिकारियों और ग्रामीणों की बैठक भी हुई। बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि बिजली के मीटरों को घरों के बाहर नहीं लगाने देंगे।
दरअसल, बिजली निगम की ओर से मीटरों को घरों के बाहर लगाने के लिए काम किया जा रहा है। मीटर लगाने के लिए कुछ अतिरिक्त खंभेे भी लगाए जा रहे हैं। यह काम दुल्हेड़ा में भी चल रहा है, लेकिन गांव के लोग मीटरों को घरों के बाहर लगाने का विरोध कर रहे हैं। सोमवार को गांव की बड़ी चौपाल में ग्रामीणों ने बैठक करने मामले पर विचार-विमर्श किया। बैठक में निगम के जेई अमित कुमार और एसडीओ हेमंत जून मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि मीटर बाहर लगा दिया गए तो उन्हें कोई भी असामाजिक तत्व तोड़ सकता है और उन्हें नया मीटर लगवाने के लिए बिजली कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ेंगे। वहीं, आने वाले समय में शहरों की तर्ज पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे और बिजली आपूर्ति लेने के लिए मोबाइल फोन की तरह पहले ही भुगतान करके रिचार्ज करवाना पड़ेगा। जबकि आज ग्रामीण अपने फोन को ही रिचार्ज नहीं करा पाते वो बिजली के मीटर कैसे रिचार्ज करवाएंगेे।
बेनतीजा रही पंचायत
ग्रामीणों ने बिजली अधिकारियों को कहा कि निगम दुल्हेड़ा में पहले स्थिति का सर्वे करके फैसला ले। दो घंटे से ज्यादा चली पंचायत में वार्ता विफल रही। ग्रामीणों ने कहा कि वे बिजली निगम के बड़े अफसरों से बातचीत करेंगे। किसी भी कीमत पर मीटर घर से बाहर नहीं लगने देंगे। जल्द ही पंचायत करके रणनीति बनाई जाएगी। सरकार को जन भावना को देखते हुए बिजली मीटर स्कीम वापिस लेनी चाहिए। पंचायत में अतर सिंह देशवाल, संजय सरपंच, दीपक देशवाल, मोनू, टिंकू, दलेल, कृष्ण, राधे पंडित, ईश्वर, मंजीत व काला भी शामिल हुए।