अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा।
शहर के मेला ग्राउंड और रेलवे रोड स्थित ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। रावण दहन से पूर्व नगर में शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।
मयंक क्लब की ओर से पिछले कई वर्षों की भांति इस बार भी रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। क्लब की ओर से शुक्रवार को शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में रावण दहन कार्यक्रम होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विक्ट्री इंफ्राप्रोजेक्टर प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं एमडी प्रमोद गोयल और अवनी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन अनिल गुप्ता होंगे। रावण दहन का समय शाम साढ़े चार बजे रखा गया है।
इसी प्रकार, मेन बाजार स्थित परोपकारी सभा महावीर मंदिर समिति भी पिछले कई वर्षों से रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन कर रही है।
शुक्रवार को दशहरे पर समिति की ओर से मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। हनुमान, श्रीराम और रावण आदि की झांकियां शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगी।
मेन बाजार, सुभाष चौक, गांधी चौक, किला मोहल्ला से होते हुए शोभायात्रा रावण दहन स्थल मेला ग्राउंड पहुंचेगी। यहां राम और रावण के बीच युद्ध होगा और इसके बाद रावण दहन किया जाएगा।