शव मिलने का इंतजार करते म़ृतका के परिजन। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। खातीवास गांव में एक सैनिक की पत्नी ने बुधवार की रात में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। महिला द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया। वीरवार की शाम को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया । पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर उसके पति, सास व ननद के खिलाफ दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेवाड़ी जिले के जखाला गांव निवासी राजपाल ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसने अपनी बेटी प्रवीन की शादी करीब चार साल पहले खातीवास गांव निवासी जयदेव के साथ की थी। जयदेव यादव सेना में है। परिजनों के मुताबिक प्रवीण ने शादी के 6 महीने के बाद ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करवाया था। लेकिन पंचायत में मामला जाने के बाद फैसला हो गया था। इसके बाद उसे ससुराल भेज दिया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि बेटी को उसके ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करते थे, जिसके चलते वह काफी समय से अपने मायके में रह रही थी।
कुछ समय पहले जब उसके ससुर की मृत्यु हुई तो उसे उसके ससुराल भेज दिया गया था। मृतका के पिता का आरोप है कि उन्हें बताया गया कि दरवाजे के ऊपर अपना दुपट्टा लटकाकर उसकी बेटी ने फंदा लगा लिया है। लेकिन पोस्टमार्टम के समय देखा गया कि उसके गले में रस्सी का निशान है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। पुलिस ने जयदेव, उसकी मां व बहन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जयदेव की तैनाती फिलहाल श्रीनगर में हे। मामले की जानकारी मिलते ही वह वीरवार को सीधे सामान्य अस्पताल पहुंचा।
मृतका के पिता के बयान पर महिला के पति, सास व ननद के खिलाफ दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। -शेर सिंह, पुलिस थाना प्रभारी, दुजाना।