हवालाती बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम कराने पहुंची पुलिस।
- फोटो : Jhjhar
जून में चरखी दादरी सदर थाना के अंतर्गत आने वाले एक गांव में हुए झगड़े के आरोप में झज्जर जिला कारागार में बंद हवालाती बुजुर्ग ने बीमारी के चलते दम तोड़ दिया। बुजुर्ग दुलीना जेल में पांच जुलाई से बंद था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी अनुसार दिल्ली के गोयला विहार निवासी राजेंद्र पुत्र खुशीराम (63 वर्षीय) पांच जुलाई से झज्जर जिला कारागार में हवालाती के तौर पर बंद था और वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था। गंभीर हालत में बुधवार को जिला जेल प्रशासन की तरफ से उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले की जानकारी सदर पुलिस थाने को दी गई। पुलिस ने मामले की जानकारी इलाका मजिस्ट्रेट व परिजनों को भी दी। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीरवार को वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम करवाया। सदर पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ लड़ाई झगड़े की विभिन्न धाराओं के तहत 18 जून को चरखी दादरी सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया गया है। -किरण, निरीक्षक, थाना प्रभारी सदर, झज्जर।