बेरी। डीघल चौकी के अंतर्गत बहराना गांव में हत्यारों ने एक युवक की हत्या कर उसके शव को पीके ईंट भट्ठे के सामने खेत में फेंका है। युवक के सिर पर किसी भारी चीज से वार करने का निशान मिला है। वहीं, पुलिस ने मौके से ईंट भी बरामद की है। शव की शनाख्त नहीं हो सकी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में रखवाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव बहराना-सांपला मार्ग पर पीके ईंट-भट्ठे के सामने से रविवार की दोपहर राहगीर गुजर रहे थे। इसी बीच उन्होंने खेत में देखा कि खून से लथपथ एक युवक पड़ा है। उन्होंने तुरंत ही इसकी सूचना डीघल पुलिस को दी। इस पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि युवक की सिर पर किसी भारी चीज से वार हत्या की गई है। युवक को कान के पीछे व सिर में चोटें लगीं हुईं हैं। पुलिस ने घटना स्थल से खून लगी ईंट भी बरामद की है। पुलिस का कहना है युवक की पहचान होने के बाद मामले की सच्चाई का पता चल पाएगा। हत्या किसने की और किस वजह से की है। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए अन्य पुलिस थानों में भी सूचना दे दी है। देर शाम तक युवक के शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शनाख्त के लिए 72 घंटे तक सामान्य अस्पताल झज्जर के शव गृह में रखवा दिया है।
पहचान के लिए आसपास के ग्रामीणों को बुलाया
युवक के शव की पहचान के लिए बहराना, कुलताना, छोछी, दिमाना व आसपास ईंट-भट्ठों काम करने वाले श्रमिकों को शनाख्त के लिए बुलाया गया, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी।
वर्जन
गांव बहराना के खेतों में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। युवक के सिर में किसी भारी चीज से वार कर हत्या की गई है। मौके से खून लगी ईंट बरामद की गई है। शव को झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शनाख्त के लिए रखवा दिया गया है। पुुलिस ने शव की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
- सुरेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी, डीघल।