बेरी। 30 अगस्त को रोहतक के जवाहर लाल नेहरू (जेएलएन) कैनाल में पैर फिसलने से डूबे व्यक्ति का शव बेरी के पास मिला है। मंगलवार देर रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि बेरी-कलानौर मार्ग पर गुजर रही जेएलएन कैनाल में एक व्यक्ति का शव उतरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया गया।
पहचान के लिए आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन पहचान न होने से शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के शव गृह में रखवा दिया। बुधवार सुबह बेरी शहर पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के थाने व चौकी व रोहतक कंट्रोल रूम में सूचना दी गई। रोहतक में दो रोज पहले लापता हुए व्यक्ति की पहचान करने के लिए रोहतक से परिजन आए तो उन्होंने शव की पहचान की। नहर में डूबे युवक की पहचान गांधी कैंप रोहतक निवासी राजकुमार (50) पुत्र गिरदारी लाल के रूप में हुई। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई संजय ने बताया कि राजकुमार मानसिक रूप से परेशान था। 30 अगस्त को घर से लापता हुआ था। पुलिस ने झज्जर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
वर्जन-
बेरी-कलानौर मार्ग से गुजर रही जवाहर लाल नेेहरू कैनाल में एक व्यक्ति के शव होने की सूचना मिली थी। व्यक्ति की पहचान रोहतक गांधी कैंप निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। - सुनील कुमार, निरीक्षक, थाना प्रभारी, बेरी।