झज्जर। स्नातक प्रथम वर्ष कक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन का आज अंतिम दिन हैं। 2 सितंबर की रात 12 बजे उच्चतर शिक्षा विभाग की तरफ से पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। अब आठ सितंबर को विभाग की तरफ से पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर में स्नातक कक्षाओं की 1180 सीटों के लिए अब तक 1814 आवेदन किए गए हैं। बुधवार को 91 नए आवेदन किए गए। इनमें से बीए की 480 सीटों के लिए 1127, बीकॉम की 160 सीटों के लिए 116, बीएससी नॉन मेडिकल की 300 सीटों के लिए 288, बीएससी मेडिकल की 80 सीटों के लिए 87, बीबीए की 80 सीटों के लिए 63 व बीसीए की 80 सीटों के लिए 133 आवेदन किए गए हैं। इनमें से 498 आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है। ये वे आवेदन हैं, जिन्होंने प्रथम वरीयता के रूप में राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर को चुना है। विभाग के नियमानुसार आवेदन पत्र की वेरीफिकेशन उसी कॉलेज में होगी, जिसे विद्यार्थी ने प्रथम वरीयता के रूप में चुना है।
पहली मेरिट लिस्ट 8 सितंबर को जारी होगी। इस लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, वे 13 सितंबर तक शुल्क जमा करा सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यम दिए गए हैं। दूसरी मेरिट लिस्ट 15 सितंबर को जारी होगी। इस लिस्ट में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, वे 18 सितंबर तक फीस जमा करा सकेंगे। इसके अलावा जिन विद्यार्थियों का नाम पहली मेरिट लिस्ट में आ गया है और उनको पहली वरीयता का कॉलेज नहीं मिल पाया और उन्होंने किसी दूसरे कॉलेज में एडमिशन नहीं लिया तो उनके नाम पर दूसरी मेरिट लिस्ट में विचार किया जा सकता है। इसके बाद भी अगर कॉलेजों की सीटें खाली रहती हैं तो उनको भरने के लिए 21 सितंबर से ही एडमिशन पोर्टल दोबारा खुलेगा। फिलहाल ऑनलाइन आवेदन में एक दिन का समय शेष बचा हुआ है। आवेदन के अंतिम दिन आवेदनों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
वर्जन
बीए व बीएसई के लिए सीटों से अधिक आवेदन आने के कारण इस बार मेरिट लिस्ट काफी ऊपर रहने की संभावना है। जबकि अन्य कोर्सों के लिए सीटों से कम आवेदन हैं।
- डॉ अमित भारद्वाज, मीडिया प्रभारी, नेहरू कॉलेज, झज्जर।