सौलधा गांव में विवाह समारोह के दौरान चली गोली से तीन लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस भी अस्पताल में पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। समाचार लिखे जाने तक इस घटना में कोई अभियोग दर्ज नहीं हो पाया था।
रविवार को सौलधा गांव में एक युवक विकास की शादी थी। इस दौरान गांव में घुड़चढ़ी हो रही थी। तभी गोली चल गई। इसमें विवाह समारोह में एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में 13 साल का लड़का अंकित, 28 वर्ष का प्रदीप और 38 साल का जगबीर शामिल हैं। इनमें से जगबीर को सिर के नजदीक गोली लगी है, जबकि अन्य दो बंदूक से निकली गोली के छर्रे लगने से घायल हो गए। तीनों को शहर के ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में लाया गया। अंकित व प्रदीप सौलधा गांव के रहने वाले हैं, जबकि जगबीर दिल्ली के रावता का निवासी है। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस भी अस्पताल में पहुंची और छानबीन शुरू की गई। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बंदूक किसकी थी और गोली कैसे चली। इसकी जांच में पुलिस जुटी हुई है। अस्पताल के बाद पुलिस जांच के लिए गांव में भी पहुंची। बताया जा रहा है कि विवाह समारोह के दौरान बंदूक हाथ से छूट नीचे गिर गई। इससे उसमें से गोली चल गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। जांच अधिकारी जगबीर सिंह ने बताया कि विवाह समारोह के दौरान गोली चली है। पुलिस जांच कर रही है कि गोली क्यों और कैसे चली। अभी घायलों के भी बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं।