हरियाणा के झज्जर में जिला कारागार दुलीना में करीब तीन माह से बंद एक हत्याभियुक्त की रविवार सुबह करीब 11 बजे जेल परिसर में ट्रैक्टर से कुचले जाने से मौत हो गई है। हादसे के बाद जेल प्रबंधन ने उसे तत्काल सामान्य अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने मामले में हत्या करने की आंशका जताई है।
पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चिकित्सकों के बोर्ड से वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों सौंप दिया गया। देर शाम पुलिस सुरक्षा के बीच बिरहोड़ गांव में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बिरहोड़ गांव निवासी मृतक कृष्ण कुमार करीब 3 माह से हत्या के आरोप में जेल में बंद था। पुलिस का कहना है कि कृष्ण कुमार जेल में सामग्री लेकर आए एक ट्रैक्टर को स्टार्ट कर उसके नीचे घुस गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। इधर, मृतक के भाई रमेश कुमार ने आरोप लगाया है कि जेल प्रबंधन की मिलीभगत से उसके भाई की ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या की गई है।
रमेश का कहना है कि उसका भाई बंदी था और जहां पर उसकी मौत हुई है, वहां पर वह कैसे चला गया। सूचना पर जब वह मौके पहुंचे तो देखा कि जिस स्थान पर उसके भाई का एक्सीडेंट होना बताया जा रहा है, वहां पर पानी डालकर साक्ष्य मिटाने प्रयास किया गया है।
बिरहोड़ गांव में एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में था जेल में बंद
बिरहोड़ गांव में 25 दिसंबर 2021 की सुबह गांव के ही एक व्यक्ति का नग्नावस्था में अधजला शव मिला था। मृतक की पत्नी ने गांव के ही तीन लोगों पर पति को मारने व जलाने का आरोप लगाया था। मोनिका ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि उसकी शादी सुरेंद्र (42) पुत्र चंद्रभान निवासी बिरहोड़ के साथ वर्ष 2002 में हुई थी।
शव मिलने से एक दिन पूर्व रात के वक्त बस अड्डे के पास स्थित पंचायती जमीन उसका पति सुरेंद्र, कृष्ण पुत्र टेकाराम, अनिल पुत्र सुमेर, और सुभाष पुत्र चंद्र सिंह शराब पी रहे थे। जब उसने पति को घर आकर खाना खाने के लिए कहा तो सुभाष ने कहा कि थोड़ी देर में घर आ जाएगा। उसके बाद वह घर आ गई। 25 दिसंबर की सुबह सुरेंद्र का अधजला शव गांव की पंचायती जमीन में पड़ा मिला। मोनिका ने अनिल, सुभाष, कृष्ण पर पति की हत्या का आरोप लगाया था।
मृतक के परिजनों ने मजिस्ट्रेट को शिकयत दी है। मामले की मजिस्ट्रेटी जांच होगी। जांच के बाद रिपोर्ट में जो भी आएगा। उसके अनुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - राहुल देव, डीएसपी, झज्जर।